लखनऊ। लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग एवं एनिमेशन सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के बाद प्रदेश भर में शोक का माहौल है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए 25 जून को अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है।
उपमुख्यमंत्री ने एक भावुक शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि लखनऊ में हुई इस दर्दनाक घटना ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया है। मासूम बच्चों की असामयिक मौत से पूरा प्रदेश दुख और पीड़ा में डूबा हुआ है।

ब्रजेश पाठक ने कहा, “जब कई परिवारों के घरों के चिराग बुझ गए हों, तब अपने जन्मदिन का उत्सव मनाना उचित प्रतीत नहीं होता।” इसी भावना के साथ उन्होंने अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि 25 जून का दिन अग्निकांड में जान गंवाने वाले बच्चों की पावन स्मृति और उनके परिजनों के प्रति श्रद्धांजलि एवं संवेदना को समर्पित रहेगा।
उपमुख्यमंत्री ने अपने संदेश में दिवंगत बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।

गौरतलब है कि अलीगंज के एक कोचिंग एवं एनिमेशन सेंटर में लगी भीषण आग में 15 लोगों की जान चली गई थी। घटना के बाद प्रदेश सरकार ने एसआईटी जांच के आदेश दिए हैं और कई अधिकारियों पर कार्रवाई भी की गई है।
