HomeमनोरंजनJPSC-JSSC छात्रों पर लाठीचार्ज से भड़के प्रकाश राज, बोले- ‘अहंकारी सत्ता का...

JPSC-JSSC छात्रों पर लाठीचार्ज से भड़के प्रकाश राज, बोले- ‘अहंकारी सत्ता का पतन तय’

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

झारखंड में JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर विवाद बढ़ गया है। सोमवार को झारखंड विधानसभा के पास प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हटाने के लिए पुलिस ने कथित तौर पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस की कार्रवाई का वीडियो सामने आने के बाद अभिनेता प्रकाश राज ने इसकी आलोचना की है।

प्रकाश राज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रदर्शन स्थल का बताया जा रहा एक वीडियो साझा किया। वीडियो में पुलिस प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल करती और लाठीचार्ज करती दिखाई दे रही है। वीडियो शेयर करते हुए अभिनेता ने सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए।

प्रकाश राज ने पोस्ट में लिखा, “क्यों… क्यों… क्यों? यह क्रूरता अब काम नहीं आएगी। इससे सिर्फ अहंकारी सत्ता का पतन होगा। #बसपूछरहाहूं”

तीसरी बार हुआ लाठीचार्ज

बताया जा रहा है कि सोमवार शाम विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने तीसरी बार लाठीचार्ज किया। कार्रवाई के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हुए और विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश करते रहे।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मुख्य मांग प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की स्वतंत्र जांच कराना है। छात्रों का कहना है कि मामले की CBI से जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया में सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग भी की जा रही है।

आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल

प्रदर्शन के दौरान जब बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विधानसभा की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद लाठीचार्ज भी किया गया।

यह प्रदर्शन JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के बैनर तले किया जा रहा था। अभ्यर्थी झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों में नाराजगी देखने को मिली। छात्रों ने कहा कि वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे और जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

पहले भी छात्रों के समर्थन में उतरे कलाकार

झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को इससे पहले भी फिल्म और कला जगत की कई हस्तियों का समर्थन मिल चुका है। अभिनेता और गीतकार पीयूष मिश्रा रांची पहुंचकर प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच गए थे। उन्होंने छात्रों के शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठाने की सराहना की।

इस दौरान पीयूष मिश्रा ने फिल्म ‘गुलाल’ (2009) का चर्चित गीत ‘आरंभ है प्रचंड’ भी गाया। छात्रों ने भी उनके साथ गीत में हिस्सा लिया। उनके इस समर्थन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे।

अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने भी झारखंड के प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई थी। कलाकारों के समर्थन के बाद छात्रों की कथित परीक्षा अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर चर्चा और तेज हुई है।

अब प्रकाश राज के बयान के बाद झारखंड के छात्र आंदोलन को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बहस और तेज होने के संकेत हैं।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular