रिपोर्ट – अमित शुक्ला
एरवाकटरा। थाना ऐरवाकटरा क्षेत्र के ग्राम उमरैन में गुरुवार को एसडीएम बिधूना के न्यायालय के आदेश पर विवादित भूमि की कुर्की की कार्रवाई की गई। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने गाटा संख्या 407 की 1.1370 हेक्टेयर भूमि को कुर्क कर मौके पर न्यायालय के आदेश से संबंधित बोर्ड लगवा दिया। भूमि का बाजार मूल्य कई करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

एसडीएम न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई एसडीएम बिधूना के न्यायालय में विचाराधीन वाद संख्या 11137/2025, रमाकान्ती बनाम अनीता गुप्ता में पारित आदेश के अनुपालन में की गई। आदेश के बाद नायब तहसीलदार राकेश कुमार के नेतृत्व में राजस्व टीम और थानाध्यक्ष गंगादास गौतम के नेतृत्व में पुलिस बल उमरैन गांव पहुंचा।
संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर विवादित भूमि की कुर्की की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद भूमि पर न्यायालय के आदेश से संबंधित बोर्ड लगाया गया, ताकि लोगों को भूमि की स्थिति की जानकारी रहे।
थानाध्यक्ष की सुपुर्दगी में कुर्क भूमि
कुर्की की कार्रवाई पूरी होने के बाद भूमि को न्यायालय के निर्देशानुसार थानाध्यक्ष की सुपुर्दगी में दे दिया गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को स्पष्ट किया कि कुर्क की गई भूमि पर अब किसी भी तरह का निर्माण नहीं किया जा सकता।

इसके अलावा भूमि की खरीद-फरोख्त पर भी रोक लगा दी गई है। पुलिस ने चेतावनी दी कि न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बड़ी संख्या में पुलिस और राजस्वकर्मी रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान थानाध्यक्ष गंगा दास गौतम, उमरैन चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह, कांस्टेबल आलोक शुक्ला, नायब तहसीलदार राकेश कुमार, राजस्व लेखपाल प्रमोद कुमार, सौरभ भारती, चकबंदी लेखपाल धीरेंद्र कुमार और कानूनगो मुकेश कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस एवं राजस्वकर्मी मौजूद रहे।
