लखनऊ। राजधानी के इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर लंबे समय से लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। यहां फ्लाईओवर निर्माण परियोजना के तहत सोमवार से फुटओवर ब्रिज (FOB) को तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है।
रिंग रोड स्थित इस व्यस्त चौराहे पर रोजाना सीतापुर रोड, इंदिरा नगर, जानकीपुरम, अलीगंज और आसपास के इलाकों से आने-जाने वाले लाखों लोग ट्रैफिक जाम से परेशान रहते हैं। लोक निर्माण विभाग (एनएच शाखा) ने फ्लाईओवर निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है, जिसे एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
फ्लाईओवर बनने के बाद रिंग रोड पर यातायात सुगम होगा और वाहन बिना रुकावट मड़ियांव होते हुए आईआईएम फ्लाईओवर के रास्ते सीधे सीतापुर रोड तक पहुंच सकेंगे। इससे चौराहे पर जाम की समस्या काफी हद तक खत्म होने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार पिथोरिया ने बताया कि परियोजना का काम मई में शुरू होना था, लेकिन मशीनों की शिफ्टिंग और निर्माण यार्ड तैयार करने में समय लगने के कारण थोड़ी देरी हुई। उन्होंने कहा कि अब निर्माण कार्य तेज गति से किया जाएगा और निर्धारित समय के भीतर फ्लाईओवर तैयार कर लिया जाएगा।
