लखनऊ। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत में अब सुधार है। सोमवार को स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति पहले से बेहतर है और अगले एक-दो दिन में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
मेदांता अस्पताल के हॉस्पिटल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि 88 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत खराब होने पर उन्हें एहतियातन आईसीयू में भर्ती किया गया था। जांच में किसी गंभीर संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है और उनका स्वास्थ्य तेजी से सुधर रहा है।
बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी मेदांता अस्पताल पहुंचे और महंत नृत्य गोपाल दास का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी ली।
गौरतलब है कि अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि परिसर के मंदिरों से चढ़ावे और अन्य बहुमूल्य वस्तुओं की कथित चोरी की एसआईटी और पुलिस जांच के बीच सोमवार को महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें तत्काल लखनऊ रेफर किया गया।
डॉक्टरों का कहना है कि महंत की स्थिति अब स्थिर है और यदि स्वास्थ्य में इसी तरह सुधार जारी रहा तो जल्द ही उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा
