बाराबंकी। जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे लगाए गए राजनीतिक होर्डिंग्स को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बारा टोल प्लाजा से नवोदय विद्यालय तक लगे इन होर्डिंग्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों के मुंह पर टेप दर्शाया गया है। साथ ही महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित मुद्दों को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
हाईवे से गुजरने वाले लोगों के बीच ये होर्डिंग्स चर्चा का विषय बने रहे। कई लोग इन्हें पढ़ने के लिए वाहन धीमे करते नजर आए, जबकि इनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ये होर्डिंग्स कांग्रेस के पूर्व सांसद के पुत्र जयंत गौतम की ओर से लगवाए गए हैं। होर्डिंग्स पर उनकी तस्वीर भी लगी हुई है। इसको लेकर क्षेत्र में राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
बीजेपी की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरों पर आपत्ति जताते हुए प्रशासन से शिकायत की। शिकायत के बाद पुलिस ने जयंत गौतम को हिरासत में लेकर हैदरगढ़ कोतवाली में पूछताछ की।
क्षेत्राधिकारी संगम कुमार ने बताया कि जांच के दौरान यह पता लगाया गया कि होर्डिंग लगाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं, साथ ही इसके उद्देश्य की भी जांच की जा रही है।
कांग्रेस नेताओं के पहुंचने के बाद रिहाई
देर रात बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया और कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहसिन के कोतवाली पहुंचने के बाद जयंत गौतम को छोड़ दिया गया। वहीं, हैदरगढ़ के एसडीएम राजेश विश्वकर्मा ने कहा कि मामले की जांच के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने भी पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है।फिलहाल मामले की जांच जारी है और प्रशासन अनुमति समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रहा है।
