आगरा। आगरा के थाना सदर क्षेत्र के रोहता गांव में स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान पर दिनदहाड़े कथित टप्पेबाजी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाश दुकान से करीब 40 ग्राम सोना लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रोहता स्थित ॐ ज्वेलर्स पर दो लोग बच्चे की बाली खरीदने के बहाने पहुंचे थे। दुकान संचालक का आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने 500-500 रुपये के नोट दिए, जिनमें कथित तौर पर कोई नशीला पदार्थ लगा हुआ था। नोटों के संपर्क में आने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और बेहोशी जैसी स्थिति हो गई।
दुकान संचालक का दावा है कि इसी दौरान आरोपी दुकान से करीब 40 ग्राम सोना लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ अन्य साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल नशीले पदार्थ के इस्तेमाल के दावे की भी जांच की जा रही है और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जाएगी।
