Homeउत्तर प्रदेशदिव्यांगजनों को बड़ी राहत: आश्रय गृहों में भरण-पोषण अनुदान ₹2,000 से बढ़ाकर...

दिव्यांगजनों को बड़ी राहत: आश्रय गृहों में भरण-पोषण अनुदान ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मानसिक मंदित एवं निराश्रित दिव्यांगजनों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। उन्होंने आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्रों और हाफ वे होम में रहने वाले संवासियों की भरण-पोषण अनुदान राशि 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह करने के निर्देश दिए हैं।

गुरुवार को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे दिव्यांगजन पूरी तरह संस्थागत देखभाल पर निर्भर होते हैं। इसलिए उन्हें पौष्टिक भोजन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में नियमित रूप से दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लाभार्थियों को कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण समय पर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही श्रवण बाधित बच्चों की समय पर पहचान कर काक्लियर इंप्लांट के बाद उनके प्रभावी पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने विशेष विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों की समयबद्ध तैनाती पर भी जोर देते हुए कहा कि विभाग की सभी योजनाओं का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराना है।

बैठक में जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 12.23 लाख से अधिक दिव्यांगजन पेंशन योजना से लाभान्वित हुए। इसी अवधि में 34,420 लाभार्थियों को 43,689 सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसके अलावा 226 श्रवण बाधित बच्चों का काक्लियर इंप्लांट कराया गया, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में 68 जिलों से 335 बच्चों का चिह्नांकन किया जा चुका है।

राज्य सरकार द्वारा निशुल्क मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, विवाह प्रोत्साहन सहायता, दुकान संचालन योजना तथा रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा जैसी कई कल्याणकारी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular