रिपोर्ट: ममता भारद्वाज | आगरा
आगरा में चोरों ने एक ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात ताजगंज थाना क्षेत्र के फतेहाबाद रोड स्थित जीवा ज्वेलरी शोरूम में हुई, जहां बदमाशों ने देर रात ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और गोल्ड, डायमंड व सिल्वर के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर शोरूम से करीब 144 पीस आभूषण चोरी कर ले गए। घटना का पता सुबह करीब 4 बजे चला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही ताजगंज थाना पुलिस और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरी में शामिल बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
एसीपी ताज सुरक्षा यतेन्द्र सिंह नागर ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। चोरी हुए आभूषणों का विवरण जुटाया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
