लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए श्रावस्ती जिले में कुल 89 लाख 41 हजार 612 रुपये की सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) राशि का भुगतान कराया है। यह कार्रवाई देवीपाटन मंडल में आयोजित ‘संध्या संवाद’ कार्यक्रम के दौरान प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के बाद की गई।
सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के निर्देशों के अनुरूप प्रशासन आमजन और कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर रहा है। इसी क्रम में मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देशन में लंबित प्रकरणों का तेजी से निस्तारण कराया गया।
संध्या संवाद में उठी शिकायतों पर हुई कार्रवाई
कार्यक्रम के दौरान कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जीपीएफ और अन्य सेवा संबंधी देयों के लंबित होने की शिकायत की। इसके बाद मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र और पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं, जिसके बाद जीपीएफ भुगतान जारी किया गया।
इन कर्मचारियों को मिला लाभ
इस कार्रवाई के तहत प्रकाश नारायण पाठक, राजेंद्र प्रसाद पाण्डेय, सुनील श्रीवास्तव, प्रेम नारायण वर्मा, कौशल्या देवी, अवधेश कुमार और भगवान दीन वर्मा सहित अन्य पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके लंबित सेवा संबंधी देयों का भुगतान किया गया। सभी लाभार्थियों को मिलाकर कुल 89.41 लाख रुपये की राशि उनके खातों में भेजी गई।
गांव से शुरू हुई पहल
‘संध्या संवाद’ कार्यक्रम की शुरुआत श्रावस्ती जिले की ग्राम पंचायत टेण्डवा महन्थ से की गई थी। इस पहल के तहत प्रशासन सीधे गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है, मौके पर उनका समाधान कर रहा है और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि यह कार्यक्रम अब आम जनता और प्रशासन के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बनता जा रहा है।
