रिपोर्ट- ममता भारद्वाज
आगरा। सुभाष बाजार में नाले के ऊपर बनी दो मंजिला कपड़ों की दुकान ढहने के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। हादसे के करीब 22 घंटे बाद भी मलबे में लापता 60 वर्षीय गंगा देवी का कोई सुराग नहीं मिल सका है। रेस्क्यू टीम लगातार मलबा हटाकर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
बुधवार को हुए इस दर्दनाक हादसे में कुल पांच लोग मलबे में दब गए थे। इनमें से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि गंगा देवी की तलाश अब भी जारी है।
मौके पर स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, पीएसी और नगर निगम की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं। भारी मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है।
उधर, जिलाधिकारी के निर्देश पर सुभाष बाजार स्थित अन्य दुकानों का सर्वे कराने के आदेश दिए गए हैं। सर्वे के माध्यम से दुकानों की संरचनात्मक सुरक्षा का आकलन किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
