रिपोर्ट : ममता भारद्वाज
आगरा। आगरा पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हथियार तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना खेरागढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9 एमएम की 11 अवैध पिस्टल बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में एक राजस्थान और दूसरा हाथरस का निवासी है। दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अवैध हथियार कहां से लाए जाते थे, किन लोगों तक उनकी सप्लाई की जाती थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का मानना है कि आगामी प्रधानी और विधानसभा चुनाव को देखते हुए अवैध हथियारों की तस्करी की जा रही थी। इसी को लेकर जांच का दायरा बढ़ाया गया है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन में की गई। थाना खेरागढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले में अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
