Homeउत्तर प्रदेशफर्जी लोन ऐप का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 19 सिम कार्ड और 5 मोबाइल...

फर्जी लोन ऐप का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 19 सिम कार्ड और 5 मोबाइल बरामद

रिपोर्ट: दीपक अवस्थी | औरैया

साइबर थाना औरैया पुलिस ने फर्जी लोन ऐप के जरिए लोगों से ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपक कुमार पाल उर्फ बन्टू, निवासी थाना सहार, के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 मोबाइल फोन, 19 सिम कार्ड, 3 आधार कार्ड, 2 डेबिट कार्ड और 1,840 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर बिना दस्तावेज और जीरो सिविल स्कोर पर लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों को एपीके (APK) फाइल डाउनलोड कराता था। फर्जी ऐप इंस्टॉल होते ही पीड़ितों के मोबाइल का निजी डेटा उसके पास पहुंच जाता था। इसके बाद वह डेटा का दुरुपयोग कर लोगों से मोटी रकम की वसूली करता था।

जांच में यह भी सामने आया कि रकम न देने पर आरोपी पीड़ितों की तस्वीरों को मॉर्फ कर सोशल मीडिया पर वायरल करने और उनके रिश्तेदारों व परिचितों को भेजकर बदनाम करने की धमकी देता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ साइबर थाना में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। जांच के दौरान बरामद 19 सिम कार्डों से जुड़े मोबाइल नंबरों पर देश के विभिन्न राज्यों में 32 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिली हैं।

पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें। यदि साइबर ठगी का शिकार हों तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

RELATED ARTICLES

Most Popular