आगरा। आगरा के दीवानी परिसर में तारीख पर पहुंचे एक युवक द्वारा महिला अधिवक्ता और एक अन्य व्यक्ति पर पेपर स्प्रे छिड़कने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। आक्रोशित अधिवक्ताओं और मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, मामला ‘ऊषा बनाम जुगल किशोर आदि’ मुकदमे में तारीख को लेकर बताया जा रहा है। इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर महिला अधिवक्ता और विपक्षी के पुत्र अमित दीक्षित पर पेपर स्प्रे छिड़क दिया।
घटना के बाद दीवानी परिसर में हंगामा
पेपर स्प्रे की घटना के बाद मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। आरोपी युवक वहां से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन अधिवक्ताओं और लोगों ने उसका विरोध किया और उसे घेर लिया।
मामले की सूचना मिलते ही एसएसएफ के जवानों के साथ न्यू आगरा और हरीपर्वत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को भीड़ से बचाते हुए हिरासत में लेने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस आरोपी युवक को अपने कब्जे में लेकर कड़ी सुरक्षा के बीच थाना न्यू आगरा ले गई।

पीड़ितों का कराया गया मेडिकल
घटना के बाद महिला अधिवक्ता और अमित दीक्षित का मेडिकल कराया गया। पीड़ित अमित दीक्षित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। घटना के पीछे मुकदमे की तारीख को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

