मुंबई। साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। ‘KGF चैप्टर 2’ के बाद बड़े पर्दे पर यश की वापसी का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी यह फिल्म गैंगस्टर की कहानी पर आधारित है, जिसकी पृष्ठभूमि पुराने गोवा से जुड़ी है। कहानी 1940 से 1970 के दशक के दौर को छूती है।
फिल्म में यश डबल रोल में नजर आ रहे हैं। वह राया यानी पिता और रूमी यानी बेटे के किरदार निभा रहे हैं। उनके साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में हैं।

यश की परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ
फिल्म रिलीज होने के साथ ही सोशल मीडिया पर दर्शकों के शुरुआती रिएक्शन सामने आने लगे हैं। कई दर्शकों ने यश की स्क्रीन प्रेजेंस, एक्शन और फिल्म के डार्क विजुअल ट्रीटमेंट की तारीफ की है।
एक सोशल मीडिया यूजर ने फिल्म को 4/5 रेटिंग देते हुए यश के किरदार और एक्शन सीक्वेंस की तारीफ की। वहीं, कुछ दर्शकों ने इसे यश के फैंस के लिए शानदार तोहफा बताया है।
किसी ने बताया ‘मास्टरपीस’, तो किसी को पहला हाफ कमजोर लगा
फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया पूरी तरह एक जैसी नहीं है। कुछ लोगों ने ‘टॉक्सिक’ को बेहतरीन और ‘मास्टरपीस’ बताया है। निर्देशक गीतू मोहनदास के विजुअल ट्रीटमेंट और फिल्म की डार्क दुनिया की भी तारीफ हो रही है।
हालांकि, कुछ दर्शकों को फिल्म का पहला हाफ कमजोर लगा। वहीं दूसरे हाफ को लेकर भी मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है। कुछ दर्शकों के मुताबिक दूसरे हिस्से में कहानी की रफ्तार धीमी पड़ती है और फिल्म जरूरत से ज्यादा लंबी महसूस होती है।
इसके बावजूद यश की परफॉर्मेंस को लेकर पॉजिटिव रिएक्शन लगातार सामने आ रहे हैं। कुछ दर्शकों ने फिल्म में ‘KGF’ की झलक भी महसूस की है, जबकि अन्य ने कहानी और स्क्रीनप्ले को लेकर सवाल उठाए हैं।

3 घंटे 14 मिनट लंबी है ‘टॉक्सिक’
‘टॉक्सिक’ को CBFC से A सर्टिफिकेट मिला है। फिल्म का आधिकारिक रनटाइम 194 मिनट 12 सेकंड यानी करीब 3 घंटे 14 मिनट है। फिल्म को बड़े पैमाने पर रिलीज किया गया है और देशभर में सुबह से ही कई सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ देखने को मिली।
फिलहाल शुरुआती सोशल मीडिया रिव्यू में फिल्म को लेकर राय बंटी हुई है, लेकिन यश की स्क्रीन प्रेजेंस और अभिनय को लेकर दर्शकों का उत्साह साफ नजर आ रहा है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन आने वाले दिनों में इसकी वास्तविक सफलता की तस्वीर साफ करेगा।
