Homeउत्तर प्रदेश9 साल में यूपी बदला, तीसरी बार बनेगी एनडीए सरकार: मुख्यमंत्री योगी

9 साल में यूपी बदला, तीसरी बार बनेगी एनडीए सरकार: मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने कानून-व्यवस्था, निवेश, बुनियादी ढांचे और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव देखा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश पहचान, सुरक्षा और विकास के संकट से जूझ रहा था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है।

बुधवार को लखनऊ में आयोजित ‘पंचायत आज तक उत्तर प्रदेश’ कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में एनडीए सरकार प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के सामने सरकार का नौ वर्षों का रिपोर्ट कार्ड है और विकास के आधार पर ही जनता अपना फैसला करेगी।

सपा सरकार पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ और कई परियोजनाएं अधूरी छोड़ दी गईं।

उन्होंने जेपीएनआईसी, गोमती रिवर फ्रंट और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने पारदर्शिता के साथ परियोजनाओं को पूरा कराया और लागत भी कम की।

कानून-व्यवस्था से बढ़ा निवेश

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित होने के बाद निवेश का माहौल बेहतर हुआ है। उनके मुताबिक आज उत्तर प्रदेश में करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है।

एमएसएमई और रोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस समय 96 लाख एमएसएमई इकाइयां संचालित हैं, जिनसे सवा तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में एमएसएमई की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कृषि, बिजली और बुनियादी ढांचे का जिक्र

सीएम ने कहा कि कृषि विकास दर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और किसानों को मुफ्त बिजली, समय पर उर्वरक तथा फसल खरीद जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बिजली की मांग अब 35 हजार मेगावाट तक पहुंच चुकी है और सभी जिलों में नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

यूपी बना विकास का मॉडल

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, इनलैंड वाटरवे और अन्य आधारभूत परियोजनाओं ने उत्तर प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। उनके अनुसार प्रदेश में अब 17 एयरपोर्ट संचालित हैं और कई नए एयरपोर्ट निर्माणाधीन हैं।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था, सुशासन और पारदर्शिता के कारण उत्तर प्रदेश आज देश की विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular