Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ के जवाहर भवन में भीषण आग, कई विभागों के दफ्तरों में...

लखनऊ के जवाहर भवन में भीषण आग, कई विभागों के दफ्तरों में मची अफरा-तफरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित जवाहर भवन में सोमवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग भवन की चौथी मंजिल पर स्थित कैफेटेरिया में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। घटना के समय भवन में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी देर तक फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी रहीं।

जवाहर भवन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सतीश कुमार पांडे ने बताया कि आग चौथी मंजिल पर बने कैफेटेरिया से शुरू हुई। पहले पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों ने भवन में लगे फायर सेफ्टी सिस्टम से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण दमकल विभाग को बुलाना पड़ा।

राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी कर्मचारियों और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि आग से संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने और घटना के कारणों की जांच में जुटी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular