रिपोर्ट: अजयपाल यादव
बदायूं। जिले में लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव दूधमा से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। यहां बारिश के चलते एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने का पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जिसका लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण गांव में पुराने और जर्जर मकानों पर खतरा बढ़ गया है। बारिश का पानी और नमी मकानों की कमजोर दीवारों और छतों को प्रभावित कर रही है। इसी बीच गांव दूधमा में एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर जमींदोज हो गया।
मकान गिरने के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि मकान गिरने के दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के बीच गांव में कई पुराने और कच्चे मकान अभी भी मौजूद हैं, जिन पर कभी भी हादसे का खतरा मंडरा सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश के मौसम को देखते हुए गांव में जर्जर और कच्चे मकानों का सर्वे कराया जाए, ताकि संभावित हादसों को समय रहते रोका जा सके।

फिलहाल, मकान गिरने का यह लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
