Homeउत्तर प्रदेशजनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं फरियादें, खिलाड़ियों को दिया नौकरी...

जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं फरियादें, खिलाड़ियों को दिया नौकरी का भरोसा

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से एक-एक कर मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने फरियादियों से उनका हालचाल जाना, प्रार्थना पत्र प्राप्त किए और संबंधित अधिकारियों को मामलों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन के दौरान राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में लापरवाही की शिकायत मिलने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली स्वीकार नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम में अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों को मुख्यमंत्री ने चॉकलेट भेंट की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान कई खिलाड़ी भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए सीएम योगी ने उनकी खेल तैयारियों और उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को लगातार सरकारी सेवाओं में अवसर दे रही है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “आप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतिए, सरकार आपको पुरस्कार राशि के साथ नौकरी में भी प्राथमिकता देगी। इसके लिए पूरी मेहनत और लगन से तैयारी करनी होगी।”

जनता दर्शन में पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले भी सामने आए। मुख्यमंत्री ने संबंधित पक्षों की काउंसिलिंग करते हुए सलाह दी कि पारिवारिक विवादों को आपसी बातचीत से घर के भीतर ही सुलझाने का प्रयास करें और बाहरी हस्तक्षेप से बचें।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular