Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ के जवाहर भवन में भीषण आग, चौथी मंजिल पर खाद्य एवं...

लखनऊ के जवाहर भवन में भीषण आग, चौथी मंजिल पर खाद्य एवं रसद विभाग का कार्यालय और कैंटीन चपेट में

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह जवाहर भवन में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटों और धुएं का गुबार इतना ज्यादा था कि करीब दो किलोमीटर दूर से भी नजर आ रहा था। आग जवाहर भवन की चौथी मंजिल पर स्थित खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यालय और कैंटीन में लगी थी।

घटना के वक्त इमारत की ऊपरी मंजिलों पर कर्मचारी अपने काम में जुट चुके थे। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। राहत की बात यह रही कि सभी कर्मचारियों और काम के सिलसिले में जवाहर भवन पहुंचे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

धुएं का गुबार देखकर मचा हड़कंप

सोमवार सुबह जवाहर भवन से अचानक काला धुआं उठता देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते धुएं का गुबार आसमान में फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और इमारत में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू के दौरान गिरी छत

रेस्क्यू टीम के मुताबिक, आग सुबह करीब 10 बजे ऊपरी मंजिल पर स्थित कैंटीन में लगी थी। आग बुझाने और रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जर्जर भवन की छत का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई इसकी चपेट में नहीं आया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलते ही डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डिप्टी सीएम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत और बचाव कार्य की जानकारी ली।

ब्रजेश पाठक ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, आग की वजह से इमारत में रखी महत्वपूर्ण सरकारी फाइलों और दस्तावेजों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कराई जा रही है।

जवाहर भवन में आधा दर्जन से अधिक सरकारी विभागों के कार्यालय संचालित होते हैं, जहां बड़ी संख्या में कर्मचारी काम करते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular