Homeउत्तर प्रदेशUP Cabinet Decision: मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटी, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना...

UP Cabinet Decision: मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटी, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मेधावी छात्राओं के लिए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी दे दी गई। इस योजना के तहत प्रदेश की मेधावी छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में ग्रेजुएशन पूरा करने वाली छात्राओं में प्रत्येक विश्वविद्यालय की टॉप 5 फीसदी छात्राओं को योजना का लाभ मिलेगा। इसके तहत करीब 50 हजार छात्राओं को स्कूटी दिए जाने का लक्ष्य है।

जिन छात्राओं के परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम होगी, उनके लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क और वाहन बीमा का खर्च सरकार उठाएगी। स्कूटी के साथ हेलमेट और 5 लीटर पेट्रोल भी दिया जाएगा। स्कूटी की खरीद GeM पोर्टल के जरिए की जाएगी।

इन छात्राओं को भी मिलेगा लाभ

दिव्यांगजन, निराश्रित और शहीद परिवारों की छात्राओं को भी योजना का लाभ दिया जाएगा। इनके लिए मेरिट की शर्त लागू नहीं होगी।

विंध्य एक्सप्रेसवे को भी मंजूरी

कैबिनेट बैठक में विंध्य एक्सप्रेसवे के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। करीब 333 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र को जोड़ेगा। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 26,315 करोड़ रुपये बताई गई है।

कैबिनेट बैठक में कुल 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके अलावा उच्च शिक्षा संस्थानों में भारतीय ज्ञान परंपरा के शोध पीठ स्थापित करने का भी फैसला लिया गया। इसके लिए विश्वविद्यालयों को 2 करोड़ रुपये और कॉलेजों को 1 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा। वहीं, वाराणसी में 500 महिलाओं की क्षमता वाला छात्रावास बनाने का भी प्रस्ताव है।

RELATED ARTICLES

Most Popular