Homeदेश विदेशSonam Wangchuk: दिल्ली हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, सफदरजंग से मेदांता अस्पताल शिफ्ट...

Sonam Wangchuk: दिल्ली हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, सफदरजंग से मेदांता अस्पताल शिफ्ट किए जाएंगे सोनम वांगचुक

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि की ओर से दायर याचिका पर मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया। अदालत ने कहा कि सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया जा सकता है। केंद्र सरकार की ओर से पेश एएसजी ने भी कहा कि वांगचुक को मेदांता ले जाने पर सरकार को कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, उन्हें डॉक्टरों की मेडिकल सलाह के बिना अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं किया जा सकेगा।

अदालत ने निर्देश दिया कि सफदरजंग अस्पताल में सोनम वांगचुक के इलाज से जुड़ी सभी मेडिकल जानकारी तत्काल मेदांता अस्पताल को उपलब्ध कराई जाए। इसके बाद उनका इलाज मेदांता में किया जाएगा। मेदांता के डायरेक्टर डॉक्टरों का एक विशेष पैनल गठित करेंगे, जो उनके स्वास्थ्य की निगरानी और इलाज करेगा।

यूरिया और यूरिक एसिड बढ़ने पर कोर्ट ने पूछे सवाल

सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने वांगचुक की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अखिल सिब्बल की ओर से रखी गई मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए डॉक्टरों से यूरिया और यूरिक एसिड का स्तर बढ़ने को लेकर सवाल किया। कोर्ट ने पूछा कि क्या यूरिक एसिड का बढ़ा हुआ स्तर शरीर में किसी गड़बड़ी का संकेत नहीं है।

डॉक्टर ने बताया कि जब शरीर को ग्लूकोज नहीं मिलता तो वह ऊर्जा के लिए फैट का इस्तेमाल करने लगता है। फैट के टूटने से यूरिन में कीटोन बनने लगते हैं। कई दिनों तक उपवास या भूखे रहने की स्थिति में शरीर में इस तरह के बदलाव स्वाभाविक रूप से हो सकते हैं।

एम्स के डॉक्टर ने बताई स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं

सुनवाई के दौरान एम्स की ओर से पेश डॉक्टर ने बताया कि सोनम वांगचुक की रिपोर्ट में WBC का स्तर कम पाया गया है, जो सामान्य स्थिति नहीं है। डॉक्टर के मुताबिक हीमोग्लोबिन, WBC और प्लेटलेट्स भी सामान्य स्तर पर नहीं हैं।

एम्स के डायरेक्टर ने कहा कि वांगचुक के शरीर में पोटैशियम का स्तर कम है और इसकी भरपाई के लिए उन्हें दवा दी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि संभावित संक्रमण से लड़ने की उनकी क्षमता कम हो सकती है। इसी वजह से अस्पताल में उनसे मिलने वाले लोगों के लिए गाउन, कैप और मास्क पहनना जरूरी किया गया है।

वकील ने कहा- वांगचुक के वाइटल्स स्थिर

सोनम वांगचुक की ओर से अखिल सिब्बल ने अदालत को बताया कि फिलहाल उनके वाइटल्स स्थिर हैं। हालांकि कुछ मेडिकल पैरामीटर में बदलाव हुए हैं, लेकिन डॉक्टरों ने लगातार निगरानी की सलाह दी है और निगरानी जारी रखी जा सकती है।

सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सोनम वांगचुक को मेदांता अस्पताल शिफ्ट करने का रास्ता साफ कर दिया। अब सफदरजंग अस्पताल से उनकी मेडिकल रिपोर्ट मेदांता को सौंपे जाने के बाद डॉक्टरों का पैनल उनके इलाज की जिम्मेदारी संभालेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular