रिपोर्ट: अजयपाल यादव
बदायूं जिले में पुलिस ने डबल मर्डर के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ कादरचौक थाना क्षेत्र के भदरौल तिराहे के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। इस दौरान एक आरक्षी भी गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीर सिंह के रूप में हुई है। वह अपनी सगी बहन और भांजे की हत्या के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस को आरोपी के इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने भदरौल तिराहे के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। वहीं, आरक्षी आकाश चौहान को भी गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा और मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया है। पुलिस अब हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, डबल मर्डर जैसे गंभीर मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
