लखनऊ में शनिवार सुबह से मौसम साफ है और तेज चटक धूप निकलने के कारण उमस बढ़ गई है। हालांकि, मौसम विभाग ने दिन में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इस मानसून सीजन में लखनऊ में अब तक सामान्य से 34 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। सामान्य तौर पर इस अवधि तक करीब 260 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 197.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
शुक्रवार को दिनभर बारिश नहीं हुई, लेकिन देर रात शहर के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम है। दिन में अधिकतम आर्द्रता 94 फीसदी और न्यूनतम 73 फीसदी दर्ज की गई।
27 जुलाई से यूपी में फिर जोर पकड़ेगा मानसून
लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में 27 जुलाई से मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके बाद प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में मानसून की मुख्य हवाओं का रुख राजस्थान और मध्य भारत की ओर होने के कारण उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ गई थीं। अब बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने से मानसूनी हवाओं के 27 जुलाई से फिर यूपी की ओर लौटने की संभावना है।
26 जुलाई तक प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ चुनिंदा इलाकों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, 27 जुलाई से बारिश का दायरा बढ़ने के साथ पूरे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। लखनऊ समेत कई जिलों में आने वाले दिनों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश भी हो सकती है।
