रिपोर्ट -शिवाकांत पाण्डेय
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर तहसील कसया में आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों का राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित निस्तारण कराया। टीम ने भूमि विवाद, अवैध कब्जे, निर्माण, रास्ते और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की।
प्रमुख मामलों में सार्वजनिक भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाया गया। भूमि विवादों में दोनों पक्षों की सुनवाई कर राजस्व अभिलेखों के आधार पर कार्रवाई की गई। पैमाइश कर रास्ते में बाधा बने अतिक्रमण को हटवाया गया, जबकि बंद पाइप खुलवाकर जल निकासी और खेतों में जलभराव की समस्या का समाधान कराया गया।
कुछ मामलों में सीमांकन और अभिलेखों की जांच के बाद विवादों का निस्तारण कराया गया। वहीं, आपसी सहमति से भी एक भूमि विवाद का समाधान कराया गया। उत्सव भवन निर्माण की मांग पर अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर उपयुक्त भूमि चिन्हित की।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाना समाधान दिवस में आने वाली प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित न्याय और प्रभावी प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें
।
