प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार को बधाई दी। झंडू कुमार ने पुरुषों की हेवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत का पदक खाता खोला।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर झंडू कुमार की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनका शानदार प्रदर्शन उनकी जबरदस्त ताकत, अटूट संकल्प और वर्षों की अनुशासित मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि झंडू कुमार ने हर चुनौती का सामना करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन किया और पूरे देश का गौरव बढ़ाने के साथ अनगिनत भारतीयों को प्रेरित किया है।

गौरतलब है कि झंडू कुमार ने शुक्रवार देर रात पुरुषों की हेवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। यह राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत का पहला पदक है।
