Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ के ईको गार्डन में आजाद समाज पार्टी का धरना जारी, चंद्रशेखर...

लखनऊ के ईको गार्डन में आजाद समाज पार्टी का धरना जारी, चंद्रशेखर आजाद के पहुंचने का इंतजार

राजधानी लखनऊ के ईको गार्डन में शनिवार को आजाद समाज पार्टी का धरना-प्रदर्शन जारी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के धरना स्थल पर पहुंचने की तैयारी है। उनके आने से पहले ही प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और छात्र ईको गार्डन पहुंच चुके हैं। समर्थकों के लगातार पहुंचने से धरना स्थल पर भीड़ बढ़ती जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता ‘भीम क्रांतिकारी’ के नारे लगा रहे हैं। मंच से सरकार के खिलाफ लगातार आवाज उठाई जा रही है। प्रदर्शनकारी छात्रों पर कथित लाठीचार्ज, पेपर लीक के मामलों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। उनकी मांग है कि लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और प्रभावित छात्रों को उचित मुआवजा दिया जाए। धरना स्थल पर पार्टी कार्यकर्ता डफली बजाकर नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

लगातार तीसरे दिन आंदोलन

आजाद समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव अनिकेत धनुक ने बताया कि जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

उन्होंने बताया कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर लगातार तीसरे दिन आंदोलन कर रही है और शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी धरने में शामिल होंगे। उनके मुताबिक, बड़ी संख्या में युवा और छात्र शिक्षा और छात्रों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन में शामिल हुए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular