Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स-258 का समापन, 127 मेडिकल और डेंटल...

लखनऊ में मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स-258 का समापन, 127 मेडिकल और डेंटल अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण

लखनऊ स्थित आर्मी मेडिकल कोर सेंटर एवं कॉलेज के ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज में शुक्रवार को मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स-258 के सफल समापन पर भव्य कोर्स समापन परेड आयोजित की गई। सैन्य गरिमा और परंपराओं के अनुरूप आयोजित इस समारोह में देश-विदेश के कुल 127 मेडिकल एवं डेंटल अधिकारियों ने हिस्सा लिया। परेड की समीक्षा आर्मी मेडिकल कोर सेंटर एवं कॉलेज, लखनऊ के कार्यवाहक कमांडेंट एवं प्रभारी रिकॉर्ड्स मेजर जनरल कंवरजीत सिंह ने की।

8 जून से 25 जुलाई तक चले सात सप्ताह के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज के कमांडेंट एवं मुख्य प्रशिक्षक मेजर जनरल अनुज चावला के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवा मेडिकल एवं डेंटल अधिकारियों को युद्धक्षेत्र की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार करना था।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को एडवांस ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट प्रोवाइडर कोर्स कराया गया। इसके साथ ही आधुनिक युद्ध में इस्तेमाल की जा रही नवीनतम तकनीकों और चिकित्सा प्रणालियों की भी विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि अधिकारी सशस्त्र बलों में अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।

37 महिला और पांच विदेशी अधिकारी भी हुए शामिल

एमओबीसी-258 में त्रिसेवा प्रतिनिधित्व के साथ कुल 127 अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनमें 37 महिला अधिकारी और मित्र देशों के पांच विदेशी अधिकारी भी शामिल रहे। समापन परेड के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने उत्कृष्ट अनुशासन और समन्वय का प्रदर्शन किया, जिसकी समीक्षा अधिकारी ने सराहना की।

कैप्टन शिवम अग्रवाल बने सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण अधिकारी

कोर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को विशेष सम्मान से नवाजा गया। कैप्टन शिवम अग्रवाल को पाठ्यक्रम का सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण अधिकारी घोषित किया गया और उन्हें प्रतिष्ठित कमांडेंट रोलिंग ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं, फील्ड स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन के लिए कैप्टन साहिल ठाकुर को मेजर लैशराम ज्योतिन सिंह अशोक चक्र मेमोरियल ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

अधिकारियों से गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा देने का आह्वान

समारोह को संबोधित करते हुए मेजर जनरल कंवरजीत सिंह ने युवा अधिकारियों की शानदार परेड, अनुशासन और प्रशिक्षण के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों से सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने और अपनी पेशेवर दक्षता को लगातार बेहतर करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं में पेशेवर विकास के कई अवसर उपलब्ध हैं। अधिकारियों को युद्धकाल और शांतिकाल, दोनों परिस्थितियों में सैनिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

200 से अधिक परिजन रहे मौजूद

कोर्स समापन परेड में 200 से अधिक प्रशिक्षु अधिकारियों के माता-पिता और परिजन मौजूद रहे। इसके अलावा सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी समारोह में हिस्सा लिया और प्रशिक्षु अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular