Homeउत्तर प्रदेशरामनगर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, राहत-बचाव की...

रामनगर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, राहत-बचाव की तैयारियों का लिया जायजा

रामनगर की एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ग्राम सुंदर नगर मजरा बतनेरा के उत्तरी मार्ग पर नाले के जरिए बाढ़ का पानी पहुंचता हुआ मिला। हालांकि राहत की बात यह रही कि आबादी क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित है और कहीं भी जलभराव की स्थिति सामने नहीं आई।

प्रशासन ने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी है। किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से ही किए गए हैं। एसडीएम ने बताया कि ग्रामीणों के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए दो नावों को पहले से ही प्री-पोजिशन मोड में तैनात किया गया था। मौजूदा स्थिति को देखते हुए फिलहाल एक नाव का संचालन किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों को तत्काल आवागमन की सुविधा मिल सके।

52 पशुओं का किया गया टीकाकरण

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम ने मौके पर शिविर लगाकर आठ मरीजों का उपचार किया। वहीं, पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने चार पशुओं का इलाज करने के साथ ही 52 पशुओं का टीकाकरण किया। इसका उद्देश्य बाढ़ के दौरान पशुओं में संभावित बीमारियों के प्रसार को रोकना है।

बाढ़ की स्थिति बिगड़ने पर प्रभावित परिवारों को मिलेगी तत्काल राहत

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नदी तटबंध के किनारे बसे सभी गांवों की आबादी सुरक्षित है। किसी भी स्थान से कटान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने संभावित बाढ़ को देखते हुए राहत शिविरों की तैयारियां भी पूरी कर ली हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, यदि भविष्य में बाढ़ का पानी आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश करता है तो प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल और राजस्व निरीक्षक लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular