Homeउत्तर प्रदेशअधीनस्थ कृषि सेवा संघ ने वेतन विसंगति समेत लंबित समस्याओं के शीघ्र...

अधीनस्थ कृषि सेवा संघ ने वेतन विसंगति समेत लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग

अधीनस्थ कृषि सेवा संघ, उत्तर प्रदेश की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को कृषि निदेशालय, लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. योगेंद्र यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री फईम अख्तर ने किया। प्रदेश के विभिन्न जनपदों और मंडलों से पहुंचे पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की लंबित विभागीय समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग शासन से की।

प्रदेश महामंत्री फईम अख्तर ने कहा कि अधीनस्थ कृषि सेवा संवर्ग के कर्मचारी सरकार की कृषि योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने, उन्हें आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने और कृषि उत्पादन व किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान विभाग की कार्यक्षमता और किसान हित दोनों के लिए जरूरी है।

बैठक में वेतन विसंगति दूर करने, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-बी (कम्प्यूटर) के 205 पदों पर पदोन्नति, वर्ष 2024-25 और 2025-26 की लंबित पदोन्नतियां पूरी करने, ग्रुप-ए से श्रेणी-2 के रिक्त पदों पर शिथिलीकरण के साथ पदोन्नति देने और वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए (लेवल-7) के पद को राजपत्रित घोषित करने की मांग उठाई गई।

इसके अलावा ई-गवर्नेंस के लिए मोबाइल, लैपटॉप, सिम और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने, नियत वाहन यात्रा भत्ता (FTA) में वृद्धि तथा राजकीय कृषि बीज भंडारों और कृषि रक्षा इकाइयों के जर्जर भवनों के नवीनीकरण की मांग भी की गई।

प्रदेश संगठन मंत्री डॉ. राज शेखर ने संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कोषाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. योगेंद्र यादव ने कहा कि संगठन कर्मचारियों के न्यायोचित अधिकारों और हितों के संरक्षण के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा तथा मांगों के समाधान के लिए शासन स्तर पर प्रभावी पहल की जाएगी।

बैठक में प्रांतीय उपाध्यक्ष अंकित मौर्या, संयुक्त मंत्री राहुल गुप्ता, दीपांशु पटेल, रोहित कांत, सहायक मंत्री दीपक धनकड़, विकास यादव, प्रचार मंत्री प्रवीण यादव, भूमि एवं जल संरक्षण एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. आलोक यादव समेत विभिन्न जनपदों और मंडलों से आए पदाधिकारी एवं सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular