रिपोर्ट : – ममता भारद्वाज
आगरा: जिले के पिनाहट थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक 41 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया।
काफी मशक्कत के बाद युवक को तालाब से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक नशे की हालत में तालाब में गिर गया था। हालांकि, पुलिस मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
यह घटना आगरा के पिनाहट थाना क्षेत्र के अर्जुनपुरा गांव की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
