अयोध्या: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट अंतरराष्ट्रीय मंदिर म्यूजियम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। प्रदेश सरकार से मंजूरी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने मांझा जमथरा क्षेत्र में परियोजना के लिए 52 एकड़ भूमि उपलब्ध करा दी है। करीब 750 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह म्यूजियम देश और दुनिया के मंदिरों की स्थापत्य कला, इतिहास, धार्मिक महत्व और निर्माण शैली को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित करेगा।
अक्टूबर से शुरू हो सकता है निर्माण कार्य
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि प्रशासन की ओर से पर्यटन विभाग को भूमि हस्तांतरित कर दी गई है। उम्मीद है कि अक्टूबर 2026 से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और टाटा एंड संस प्राइवेट लिमिटेड के बीच पहले ही एमओयू हो चुका है।
मंदिरों का इतिहास और वास्तुकला एक ही स्थान पर
म्यूजियम में भारत और विदेशों के प्रमुख मंदिरों के आर्किटेक्चरल मॉडल, उनके इतिहास, धार्मिक महत्व, निर्माण शैली और विशेषताओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा दुर्लभ वस्तुओं का संग्रह, डिजिटल डिस्प्ले और विजुअल प्रेजेंटेशन भी आकर्षण का केंद्र होंगे। देश के अलग-अलग राज्यों के प्रसिद्ध मंदिरों को समर्पित अलग-अलग गैलरियां भी विकसित की जाएंगी। पूरे म्यूजियम का भ्रमण करने में करीब तीन घंटे का समय लगेगा।
90 साल की लीज पर मिली जमीन
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण टाटा एंड संस की ओर से ‘नॉट फॉर प्रॉफिट स्पेशल परपज व्हीकल (SPV)’ के माध्यम से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड से कराया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने एक रुपये प्रतिवर्ष के प्रतीकात्मक शुल्क पर 90 वर्षों की लीज पर भूमि उपलब्ध कराई है।
दिल्ली में होगी फिल्मी कलाकारों की रामलीला
इस बीच अयोध्या में पिछले सात वर्षों से आयोजित होने वाली फिल्मी कलाकारों की रामलीला इस बार पहले दिल्ली में आयोजित की जाएगी। रामलीला समिति के अध्यक्ष सुभाष मलिक के अनुसार, यह आयोजन 10 से 20 अक्टूबर तक दिल्ली में होगा, जबकि 15 से 25 जनवरी के बीच अयोध्या में रामलीला का मंचन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दशहरे के दौरान अयोध्या में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रामकथा पार्क सहित अन्य स्थलों पर आयोजनों के कारण मंच उपलब्ध कराने में कठिनाई होती है। साथ ही पिछले कुछ वर्षों में खराब मौसम और तेज आंधी-बारिश से मंच और सेट को नुकसान भी पहुंचा है।
कलाकारों की सूची तय
रामलीला के लिए कलाकारों का चयन भी कर लिया गया है। बिंदू दारा सिंह भगवान शिव, राकेश बेदी राजा जनक और अरुण बक्शी रावण की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
