Homeउत्तर प्रदेशरूफटॉप सोलर में लखनऊ देश का नंबर-1 जिला, यूपी के 17 जिले...

रूफटॉप सोलर में लखनऊ देश का नंबर-1 जिला, यूपी के 17 जिले टॉप-100 में शामिल

लखनऊ: स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने में लखनऊ ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। राजधानी में 1,24,167 रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना के साथ लखनऊ लगातार देश का नंबर-1 जिला बना हुआ है।

यूपी नेडा के निदेशक रविन्द्र सिंह के अनुसार, देश के शीर्ष 100 जिलों की रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के 17 जिले शामिल हुए हैं। इनमें लखनऊ के अलावा वाराणसी और कानपुर नगर ने भी टॉप-15 में जगह बनाई है। वाराणसी देश में 10वें और कानपुर नगर 14वें स्थान पर है।

रूफटॉप सोलर अपनाने में उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया है। बरेली 24वें, आगरा 29वें, प्रयागराज 37वें, झांसी 51वें और गोरखपुर 70वें स्थान पर हैं।

सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, आसान ऑनलाइन प्रक्रिया, सब्सिडी व्यवस्था और जन जागरूकता अभियानों के कारण प्रदेश में सौर ऊर्जा को तेजी से बढ़ावा मिला है।

रूफटॉप सोलर संयंत्रों से लोगों को बिजली बिल में राहत मिल रही है, वहीं अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ का अवसर भी मिल रहा है। प्रदेश सरकार का दावा है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश हरित ऊर्जा के क्षेत्र में देश का प्रमुख केंद्र बनेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular