रिपोर्ट – अजयपाल यादव
जिले के सहसवान तहसील क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज नाधा में शिक्षकों की कमी से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। गणित समेत कई विषयों के शिक्षकों के पद लंबे समय से खाली पड़े हैं, जिससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक व्यवस्था पर असर पड़ रहा है।
समस्या को लेकर राष्ट्रीय भ्रष्टाचार दमन परिषद के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव और पत्रकार अजयपाल यादव ने उपजिलाधिकारी सहसवान को पत्र सौंपकर जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है।

पत्र में बताया गया कि शिक्षकों की कमी के कारण विद्यालय में तैनात शिक्षकों पर अतिरिक्त कक्षाओं और विषयों का भार बढ़ गया है, जिससे उन्हें भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिषद ने कहा कि यदि जल्द ही रिक्त पदों पर नियुक्ति नहीं की गई तो इसका सीधा असर छात्रों के भविष्य पर पड़ेगा।
राष्ट्रीय भ्रष्टाचार दमन परिषद ने प्रशासन से गणित सहित अन्य विषयों के रिक्त पदों को भरने और पढ़ाई सुचारू रूप से चलाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।
