रिपोर्ट – दीपक अवस्थी
उत्तर प्रदेश सरकार की विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत जिला उद्योग कार्यालय, औरैया में हलवाई ट्रेड से जुड़े 86 चयनित लाभार्थियों को निःशुल्क टूल किट वितरित की गई। की जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त दिनेश चंद्र की मौजूदगी में वर्ष 2024-25 के लाभार्थियों को प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद टूल किट सौंपी गई।

टूल किट में मिक्सर ग्राइंडर, 22 लीटर प्रेशर कुकर, 50 किलोग्राम क्षमता की कढ़ाई, छनौता, पल्टा, घिसनी, चकला-बेलन सहित कुल 9 प्रकार के उपकरण शामिल थे। योजना के तहत कुल 150 लाभार्थियों का चयन किया गया है, जिनमें से पहले चरण में 86 लोगों को किट वितरित की गई।

लाभार्थियों में महेश (महतेपुर, भाग्यनगर), रोहित बाबू (खानपुर, औरैया), संदीप कुमार (नवीन नगर, अटसू), सौरभ कुमार (सिकोला), प्रीति (बाघ कटरा, औरैया) और श्रीमती रेखा सहित अन्य कारीगर शामिल रहे।
जिला उद्योग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनके रोजगार को सशक्त करना है। आर्थिक रूप से कमजोर कारीगर इन टूल किटों की मदद से अपने व्यवसाय को बेहतर तरीके से संचालित कर सकेंगे।
विभाग ने यह भी बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए हलवाई, धोबी, नाई, दर्जी, मोची, सुनार, लोहार, बढ़ई और राजमिस्त्री ट्रेड में चयन हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया लक्ष्य पूरा होने तक जारी रहेगी।
कार्यक्रम में प्रधान लिपिक ओमकार पाल, संविदा सहायक गौरव यादव, अमित कुमार सहित विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
