Homeउत्तर प्रदेशअनुपूरक बजट से पहले यूपी विधानसभा में हंगामा, राम मंदिर चढ़ावा मुद्दे...

अनुपूरक बजट से पहले यूपी विधानसभा में हंगामा, राम मंदिर चढ़ावा मुद्दे पर विपक्ष का प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को योगी सरकार ने विधानसभा और विधान परिषद में अनुपूरक बजट पेश किया। बजट पेश होने से पहले ही सदन के भीतर और बाहर राजनीतिक माहौल गर्म रहा। समाजवादी पार्टी के विधायकों ने वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व में विधानसभा गेट पर प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार विरोध दर्ज कराती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मूल बजट का पूरा उपयोग नहीं कर सकी है, फिर भी अनुपूरक बजट पेश किया जा रहा है।

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही समाजवादी पार्टी के विधायक अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर सदन में चर्चा की मांग पर अड़ गए। विपक्ष के हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने टिप्पणी करते हुए कहा, “जिसने चंदा दिया हो, वह रसीद लेकर आए।” इसके बावजूद विपक्ष का विरोध जारी रहा।

लगातार हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही दोपहर 12:20 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। विपक्ष ने सरकार से इस मुद्दे पर जवाब देने की मांग की, जबकि सत्ता पक्ष ने हंगामे के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी बिना वजह सदन की कार्यवाही बाधित कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सदन को सुचारु रूप से चलाना चाहती है, जबकि विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए अनावश्यक मुद्दों को उठाकर माहौल खराब कर रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular