रिपोर्ट – अचल प्रताप सिंह
शहर के धर्मकांटा चौराहा स्थित रुद्राक्ष अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की औचक जांच के दौरान बड़ा अनियमितता का मामला सामने आया। निरीक्षण में अस्पताल के बेसमेंट में मानकों के विपरीत नवजात शिशुओं की नर्सरी संचालित होती मिली, जहां कई नवजात भर्ती थे।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के निर्देश पर नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अंसारी ने अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच में बेसमेंट में नर्सरी संचालित पाए जाने पर अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए नर्सरी को तत्काल दूसरी उपयुक्त जगह स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई गंभीर नवजात भर्ती होने के कारण मरीजों के हित में नर्सरी को तत्काल सील नहीं किया गया। हालांकि स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही नर्सरी को बेसमेंट से नहीं हटाया गया तो नियमानुसार सीलिंग सहित आगे की कार्रवाई की जाएगी।
