Homeउत्तर प्रदेशराम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर बिहार सांसद के बयान पर...

राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर बिहार सांसद के बयान पर जताया विरोध, बजरंग दल जिला संयोजक को हिरासत में लेने से भड़के कार्यकर्ता

संभल। कोतवाली क्षेत्र के शंकर इंटर कॉलेज चौराहे पर मंगलवार को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बिहार के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सांसद पप्पू यादव ने संसद में साधु के वेश में प्रदर्शन कर हिंदू समाज और संतों का अपमान किया है। इसी के विरोध में संभल में प्रदर्शन किया गया। पुतला दहन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच करीब 15 मिनट तक तीखी नोकझोंक भी हुई।

जिला संयोजक को हिरासत में लेने पर बढ़ा विवाद

पुतला दहन के बाद पुलिस ने बजरंग दल के जिला संयोजक नितिन शर्मा को हिरासत में लेकर सरकारी वाहन में बैठा लिया। इससे नाराज कार्यकर्ता कोतवाली पहुंच गए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परिसर में धरने पर बैठ गए।

कार्यकर्ताओं ने जिला संयोजक की तत्काल रिहाई की मांग की। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी कुलदीप कुमार मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया।

बजरंग दल ने दी आंदोलन की चेतावनी

बजरंग दल पदाधिकारी नितिन शर्मा ने कहा कि पप्पू यादव द्वारा भगवा वस्त्र पहनकर किए गए प्रदर्शन से हिंदू समाज और संतों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन की सूचना प्रशासन को पहले ही दी गई थी, बावजूद इसके पुलिस ने उन्हें जबरन हिरासत में लिया।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो बजरंग दल बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि साधु-संतों के सम्मान के लिए संगठन आगे भी संघर्ष करता रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular