Homeउत्तर प्रदेशशहीद CRPF जवान के शव को रोककर पत्नी का प्रदर्शन, दोबारा पोस्टमॉर्टम...

शहीद CRPF जवान के शव को रोककर पत्नी का प्रदर्शन, दोबारा पोस्टमॉर्टम और निष्पक्ष जांच की मांग

लखनऊ। मणिपुर में तैनात सीआरपीएफ की 112वीं बटालियन के जवान विनीत कुमार सिंह सिकरवार (37) के पार्थिव शरीर को अमौसी एयरपोर्ट से हरदोई ले जाते समय शुक्रवार तड़के लखनऊ के बुद्धेश्वर में परिजनों ने रोककर प्रदर्शन किया। जवान की पत्नी नेहा सिंह और अन्य परिजनों ने करीब दो घंटे तक हरदोई हाईवे जाम रखा और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की।

यह तस्वीर जवान विनीत सिंह की है।

परिजनों का आरोप है कि विनीत कुमार सिंह कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे, लेकिन उन्हें छुट्टी नहीं दी गई और लगातार ड्यूटी कराई गई। पत्नी ने दावा किया कि ड्यूटी के दौरान उनके सीने में गोली लगी। उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि यदि इसे आत्महत्या बताया जा रहा है तो जवान के शरीर में तीन गोलियां कैसे लगीं। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके।

पत्नी नेहा सिंह ने कहा कि वह न्याय के लिए मणिपुर तक जाएंगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति ने फोन पर कई बार बुखार और पैर दर्द के बावजूद ड्यूटी कराए जाने की जानकारी दी थी।

पत्नी के अनुसार, विनीत सिंह कई दिन से बुखार में भी ड्यूटी कराने की बात बताते थे।

प्रदर्शन के कारण बुद्धेश्वर चौराहे और आसपास के मार्गों पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही एडीसीपी, एसीपी काकोरी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाया। करीब दो घंटे बाद पुलिस के आश्वासन पर परिजन शांत हुए और पार्थिव शरीर को हरदोई के लिए रवाना किया गया।

विनीत कुमार सिंह सिकरवार हरदोई जिले के कोथावां क्षेत्र की ग्राम पंचायत पुरवाबाजीराव के निवासी थे और वर्तमान में मणिपुर में तैनात थे। उनकी मृत्यु की परिस्थितियों को लेकर परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular