Homeउत्तर प्रदेशमेरठ: अग्नि-5, 51 गोले और तिरंगा... मेरठ में अनोखी कांवड़ बनी आकर्षण...

मेरठ: अग्नि-5, 51 गोले और तिरंगा… मेरठ में अनोखी कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र

मेरठ । सावन की कांवड़ यात्रा अब केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि शिवभक्त अपनी अनोखी कांवड़ों के जरिए सामाजिक और राष्ट्रीय संदेश भी दे रहे हैं। मेरठ में हरिद्वार से दिल्ली के पालम जा रही एक ऐसी ही कांवड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जिसे अग्नि-5 मिसाइल, सैन्य उपकरणों और देशभक्ति की थीम पर तैयार किया गया है।

इस भव्य कांवड़ को देखने के लिए रास्ते में जगह-जगह लोगों की भीड़ जुट रही है। राहगीर कांवड़ के साथ तस्वीरें खिंचवाने के साथ ही अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी बना रहे हैं। रात के समय रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से जगमगाती यह कांवड़ और भी आकर्षक नजर आती है।सेना के शौर्य को समर्पित कांवड़

कांवड़ दल के सदस्य राजवीर ने बताया कि इस बार उनकी टोली ने भारतीय सेना के शौर्य और देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के सम्मान में अग्नि-5 मिसाइल की थीम पर कांवड़ तैयार की है। इसमें मिसाइल के साथ परमाणु प्रतीक और विभिन्न सैन्य उपकरणों के मॉडल भी लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले साल उनकी टोली ब्रह्मोस मिसाइल की थीम पर कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल हुई थी। इस बार अग्नि-5 को थीम बनाने का उद्देश्य युवाओं को देश की सैन्य ताकत और जवानों के योगदान से परिचित कराना है।

 51 गोलों की प्रतिकृतियों ने बढ़ाई भव्यता

ग्रुप के सदस्य दीपांशु के मुताबिक, उनका दल दिल्ली के पालम क्षेत्र का रहने वाला है और इसमें करीब 25 से 30 शिवभक्त शामिल हैं। कांवड़ में अग्नि-5 मिसाइल के साथ 51 गोलों की प्रतिकृतियां और कई अन्य सैन्य प्रतीक लगाए गए हैं।

शिवभक्तों का कहना है कि भारत आज हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। इसी भावना को कांवड़ के जरिए प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है। यात्रा के दौरान शिवभक्त ‘हर हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं।

 आस्था के साथ देशभक्ति के गीत

कांवड़ मार्ग पर इस अनोखी प्रस्तुति के साथ देशभक्ति के गीत भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। शिवभक्ति के साथ देशभक्ति का यह संगम राहगीरों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। कई लोग कांवड़ की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा कर रहे हैं।

भारत माता की कांवड़ भी बनी आकर्षण

दिल्ली के तिगरी निवासी अभिषेक भी भारत माता की थीम वाली डीजे कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है, इसी भावना के साथ उन्होंने भारत माता की कांवड़ तैयार की है।

इस कांवड़ पर भारत माता की प्रतिमा के साथ भारत का नक्शा और दोनों ओर तिरंगे लगाए गए हैं। यात्रा के दौरान ‘यह देश है वीर जवानों का’, ‘मेरे देश की मिट्टी सोना उगले’, ‘ऐ वतन-ऐ वतन’ और ‘कर चले हम फिदा’ जैसे देशभक्ति गीत बजाए जा रहे हैं। सावन की इस यात्रा में शिवभक्ति के साथ राष्ट्रभक्ति का यह अनूठा रंग लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular