लखनऊ, 8 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को काकोरी ट्रेन एक्शन-डे पर तिरंगा यात्रा में शामिल होकर प्रदेशवासियों को देशभक्ति का संदेश देंगे।
मुख्यमंत्री आवास से शुरू होने वाली यह पदयात्रा सिविल अस्पताल और अटल चौक होते हुए विधानभवन के सामने संपन्न होगी। यह यात्रा राष्ट्र और देश के अमर शहीदों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक होगी। इससे पहले मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।
तिरंगा यात्रा में केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता, एनसीसी कैडेट, एनएसएस सदस्य, स्काउट गाइड स्वयंसेवक और युवक मंगल दल समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
तिरंगा पदयात्रा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करने काकोरी जाएंगे। मुख्यमंत्री काकोरी शहीद स्मारक पहुंचकर स्वतंत्रता सेनानियों पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खान और राजेंद्र नाथ लाहिड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रमों को पूरे सम्मान, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में 9 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, स्मृति स्थलों और शहीद स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा।
सिद्धार्थनगर में सीएम देंगे 311 करोड़ रुपये से अधिक की 107 परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार दोपहर बाद सिद्धार्थनगर का दौरा करेंगे। यहां वह डुमरियागंज और बांसी विधानसभा क्षेत्रों के लिए 311 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र में 63 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 22 परियोजनाओं का लोकार्पण और 57 करोड़ रुपये लागत की 22 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा।
वहीं, बांसी विधानसभा क्षेत्र में 64 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और 127 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 41 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी सौंपेंगे।
