Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ : योगी सरकार का दिव्यांग छात्रों को तोहफा, हर माह ₹600

लखनऊ : योगी सरकार का दिव्यांग छात्रों को तोहफा, हर माह ₹600

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। दिव्यांगता अब बच्चों की पढ़ाई की राह में बाधा नहीं बनेगी। गंभीर और बहु दिव्यांग बच्चों को स्कूल तक पहुंचने में होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए योगी सरकार ने एस्कार्ट एलाउंस देने की घोषणा की है।

14,152 विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक पढ़ने वाले 14,152 दिव्यांग विद्यार्थियों को 600 रुपये प्रतिमाह की दर से 10 माह तक यह सहायता दी जाएगी। इसके लिए 849.12 लाख रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।।

इस सहायता से बच्चों के माता-पिता पर उन्हें स्कूल लाने-ले जाने का आर्थिक बोझ कम होगा। साथ ही दिव्यांग विद्यार्थियों की नियमित स्कूल उपस्थिति बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

DBT के जरिए खाते में पहुंचेगी राशि

एस्कार्ट एलाउंस की राशि पात्र विद्यार्थियों के माता-पिता के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। इसका लाभ पूर्ण दृष्टि दिव्यांग, बौद्धिक दिव्यांग, सेरेब्रल पाल्सी, बहु दिव्यांग तथा जापानी इंसेफलाइटिस (जेई) और एक्यूट इंसेफलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) से प्रभावित पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा।

नियमित स्कूल आना जरूरी

एस्कार्ट एलाउंस का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों का विद्यालय में नियमित रूप से उपस्थित रहना जरूरी होगा। सरकार का उद्देश्य बच्चों को स्कूल तक पहुंचने में आने वाली परेशानियों को दूर करने के साथ ही उन्हें नियमित पढ़ाई से जोड़ना है।

31 अगस्त तक भुगतान के निर्देश

समग्र शिक्षा परियोजना निदेशालय की ओर से सभी जिलों के लिए पात्र छात्रों की सूची और निर्धारित धनराशि जारी कर दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र विद्यार्थियों को 31 अगस्त तक एस्कार्ट एलाउंस का भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular