रिपोर्ट – गोविंद कश्यप
गोरखपुर में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा के जरिए मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों को राष्ट्र प्रथम और देशभक्ति का संदेश देंगे। साथ ही लोगों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर नगर निगम परिसर स्थित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद यात्रा टाउनहॉल से शुरू होकर गोलघर चौराहा, गणेश चौराहा, कालीमंदिर और यातायात तिराहा होते हुए रेलवे स्टेशन चौक पहुंचेगी।
रेलवे स्टेशन चौक पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पार्चन के साथ तिरंगा यात्रा का समापन होगा। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर राष्ट्र प्रथम और देशभक्ति का संदेश गूंजेगा।
5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य
इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में पांच करोड़ घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभियान को व्यापक जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया है। गोरखपुर की तिरंगा यात्रा इसी अभियान का हिस्सा है।
यात्रा में मंत्री संजय निषाद, सांसद रवि किशन, गोरखपुर की महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत प्रशासक साधना सिंह समेत स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
