Homeउत्तर प्रदेशगोरखपुर : CM योगी की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा, बोले- स्वतंत्रता...

गोरखपुर : CM योगी की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा, बोले- स्वतंत्रता सेनानियों की अमिट गाथा है तिरंगा

.रिपोर्ट :  गोविंद कश्यप

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में सोमवार को गोरखपुर महानगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक तक करीब ढाई किलोमीटर लंबी यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ मुख्यमंत्री का साथ दिया।

तिरंगा यात्रा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम परिसर में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पार्चन कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने विशाल जनसमूह को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का तिरंगा केवल राष्ट्रध्वज नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की अमिट गाथा है। यह देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन के दौरान अलग-अलग समय में अलग-अलग स्वरूप के ध्वज आंदोलन की पहचान बने और स्वतंत्रता के बाद चक्र के साथ तिरंगे को राष्ट्रध्वज के रूप में स्वीकार किया गया।

WhatsApp Image 2026-08-10 at 11.36.57 AM

हर नागरिक के घर तिरंगा फहराने का अधिकार

सीएम योगी ने कहा कि एक समय राष्ट्रध्वज फहराने के अधिकार के लिए नागरिकों को न्यायालय तक जाना पड़ता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2022 में नेशनल फ्लैग कोड में संशोधन कर हर नागरिक को अपने घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का अधिकार सुनिश्चित किया गया।

उन्होंने कहा कि आज ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जरिए देशभर में लोग अपने घरों पर राष्ट्रध्वज फहरा रहे हैं। यह अभियान स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और शहीदों को सम्मान देने का माध्यम भी बन रहा है।

युवाओं के लिए प्रेरणा हैं क्रांतिकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुष और क्रांतिकारी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके संघर्ष और बलिदान की जानकारी युवाओं में देश के प्रति गौरव की भावना पैदा करती है। उन्होंने कहा कि तिरंगा उन्हीं वीरों के त्याग और संघर्ष की याद दिलाता है।

सीएम योगी ने स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े कई प्रमुख घटनाक्रमों और क्रांतिकारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। मंगल पांडेय से लेकर रानी लक्ष्मीबाई, बंधु सिंह, तात्या टोपे और धनसिंह कोतवाल तक अनेक वीरों ने स्वतंत्रता आंदोलन को मजबूती दी।

उन्होंने गोरखपुर के चौरीचौरा कांड और लखनऊ के काकोरी ट्रेन एक्शन का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन घटनाओं से जुड़े क्रांतिकारियों के बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा।

इस साल 5 करोड़ घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य

सीएम योगी ने लोगों से अपील की कि तिरंगा यात्रा में शामिल होने के बाद वे अपने घरों पर भी राष्ट्रध्वज लगाएं और उसके साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करें। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 5 करोड़ घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य तय किया है।

उन्होंने कहा कि सरकारी, अर्द्धसरकारी, निजी, व्यावसायिक और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी तिरंगा फहराया जाएगा। यह देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा।

मुख्यमंत्री ने लोगों से राष्ट्रध्वज, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रतीकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

तिरंगा यात्रा के दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, सरवन निषाद, प्रदीप शुक्ल, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी और महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular