Homeउत्तर प्रदेशआगरा: भूसे के नीचे छिपाकर हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही...

आगरा: भूसे के नीचे छिपाकर हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही 40 लाख की शराब पकड़ी, दो तस्कर हिरासत में

रिपोर्ट:- ममता भारद्वाज, आगरा

आगरा। ट्रांसयमुना थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दस चक्का ट्रक से अंग्रेजी शराब की 415 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक शराब को भूसे के नीचे छिपाकर ‘पुष्पा स्टाइल’ में हरियाणा से बिहार ले जाया जा रहा था। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, शराब तस्करी करने वाले गिरोह की गतिविधियों पर करीब एक महीने से निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर ट्रांसयमुना थाना पुलिस और एसओजी टीम ने झरना नाले के पास हाईवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध दस चक्का ट्रक को पकड़ लिया।

ट्रक की तलाशी लेने पर ऊपर भूसा रखा मिला। भूसे को हटाने पर उसके नीचे अंग्रेजी शराब की 415 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जांच में सामने आया है कि शराब की खेप हरियाणा से बिहार पहुंचाई जानी थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस का दावा है कि प्रतिबंधित राज्यों में शराब की सप्लाई करने वाले गिरोह के मुखिया ने शराब तस्करी के जरिए करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है और वह भी पुलिस के रडार पर है।

ट्रांसयमुना थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार और ट्रांसयमुना एसओजी टीम की कार्रवाई को इस बड़ी बरामदगी का अहम परिणाम माना जा रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की जानकारी जुटा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular