रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर Scientific Knowledge for Youth (SKY) Foundation की ओर से ‘SKY Youth Awards 2026’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं की प्रतिभा को पहचान देना, उन्हें प्रोत्साहित करना और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर विज्ञान, सिनेमा, कला, एस्ट्रोफोटोग्राफी और नवाचार समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। प्रसिद्ध भूगर्भ वैज्ञानिक आशीष पाल, फिल्ममेकर सौरभ मिश्रा, KKC महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले सुयश मिश्रा, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एस्ट्रोफोटोग्राफी में पहचान बनाने वाले उत्कर्ष मिश्रा, युवा प्रतिभा राघवी गुप्ता और बाल नवोन्मेषक मोहम्मद अनस को SKY Youth Awards 2026 से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में Regional Science City के सेवानिवृत्त वैज्ञानिक एवं Senior Education Officer के.के. चटर्जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. एस.पी. शुक्ला और श्री जय नारायण पीजी कॉलेज (KKC महाविद्यालय) के प्राचार्य प्रो. (मेजर) कौशल किशोर मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

अतिथियों ने SKY Foundation की पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की उपलब्धियों को पहचान और सम्मान मिलने से उनमें आगे बेहतर कार्य करने का उत्साह बढ़ता है। विज्ञान, कला, सिनेमा, नवाचार और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में सक्रिय युवाओं को मंच देना समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
‘SKY Green Army’ का भी शुभारंभ
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर SKY Foundation ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर ‘SKY Green Army’ की भी शुरुआत की। इसके तहत KKC महाविद्यालय के 100 विद्यार्थियों और शिक्षकों को पौधे वितरित किए गए और उन्हें अगले तीन महीनों तक पौधों की जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
संस्था का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे बांटना नहीं, बल्कि युवाओं में पौधा लगाने के साथ उसकी जिम्मेदारी लेने और उसे जीवित रखने की संस्कृति विकसित करना है। प्रतिभागियों को नियमित रूप से पौधे में पानी देने, उसकी देखभाल करने और उसके विकास पर नजर रखने के लिए प्रेरित किया गया।

SKY Foundation के मुताबिक, जो प्रतिभागी लगातार तीन महीने तक अपने पौधे की सफलतापूर्वक देखभाल करेंगे, उन्हें आगे ‘SKY Green Army Soldier’ के रूप में जोड़ा जाएगा। चयनित सदस्यों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े खाद, पानी और नए पौधों से संबंधित विशेष Gift Hamper भी दिया जाएगा।
SKY Foundation ने कहा कि SKY Green Army महज पौधरोपण अभियान नहीं, बल्कि युवाओं को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाने का सतत प्रयास है। संस्था का लक्ष्य है कि विद्यार्थी अपने लगाए पौधे को सिर्फ एक पौधे के तौर पर नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी और योगदान के रूप में देखें।

SKY Youth Awards 2026 और SKY Green Army के जरिए Foundation ने एक ओर युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया, वहीं दूसरी ओर उन्हें पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का संदेश दिया। संस्था का विश्वास है कि प्रतिभा को सही मंच और दिशा के साथ पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों से जोड़कर युवाओं को वैज्ञानिक, सशक्त, संवेदनशील और हरित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जा सकता है।
