लखनऊ। सेवा भारती अवध प्रांत-त की ओर से गोमती नगर के विनय खंड में ‘झलकारी बाई किशोरी विकास केंद्र’ का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्देश्य किशोरियों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें संस्कारित शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, स्वावलंबन और नेतृत्व क्षमता के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। सेवा भारती की प्रांत उपाध्यक्ष मनोरमा, प्रांत सदस्या जया और विभाग मंत्री नीलिमा देशवाल ने संयुक्त रूप से माल्यार्पण किया।

‘किशोरी शक्ति, राष्ट्र शक्ति’ का दिया संदेश
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र सेवा प्रमुख युद्धवीर जी ने किशोरियों को ‘किशोरी शक्ति, राष्ट्र शक्ति’ का मंत्र दिया। उन्होंने सेवा भारती की ओर से समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले वर्गों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
उन्होंने किशोरी विकास केंद्र के पाठ्यक्रम पर भी विस्तार से चर्चा की और कहा कि इस तरह के केंद्र किशोरियों के व्यक्तित्व और भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

किशोरियों के विकास पर रहेगा फोकस
केंद्र में किशोरियों के शैक्षिक और व्यक्तिगत विकास के साथ स्वास्थ्य, संस्कार, स्वावलंबन और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। आयोजन में सेवा भारती के पदाधिकारियों के साथ सेवा बस्ती की किशोरियों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम में प्रांत सेवा प्रमुख देवेंद्र अस्थाना, प्रांतीय उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, प्रांत प्रचार प्रमुख अभिषेक सिंह, विभाग महामंत्री आलोक दीक्षित, दक्षिण भाग महामंत्री दिनेश कपूर, पूरब भाग मंत्री ओपी शुक्ला, भाग महिला प्रमुख चित्रा सक्सेना, करन सिंह और नरेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बाल संस्कार केंद्र की शिक्षिका अनामिका और सेवा बस्ती की करीब 15 किशोरियां भी उपस्थित रहीं।
