Homeउत्तर प्रदेशबरेली: भाजपा विधायक कार्यालय के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग, हिस्ट्रीशीटर समेत दो पर...

बरेली: भाजपा विधायक कार्यालय के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग, हिस्ट्रीशीटर समेत दो पर केस

रिपोर्ट अचल प्रताप सिंह बरेली

बरेली। फरीदपुर कस्बे में शुक्रवार देर शाम भाजपा के दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के कार्यालय के सामने अचानक कई राउंड फायरिंग से हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो युवकों ने चाय की दुकान पर विवाद के बाद तमंचे से गोलियां चला दीं। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग दुकानों व वाहनों की आड़ लेकर बचने लगे।

मामले में विधायक कार्यालय प्रभारी अनिल राजपूत की तहरीर पर पुलिस ने अमन अजमेरी और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

चाय की दुकान पर कहासुनी के बाद चली गोलियां

पुलिस के मुताबिक मोहल्ला मिर्धान, बकैनिया रोड निवासी अमन अजमेरी शुक्रवार देर शाम अपने साथी के साथ बाइक से विधायक कार्यालय के सामने मेन रोड स्थित चाय की दुकान पर पहुंचा था। यहां किसी व्यक्ति से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने तमंचा निकाल लिया और कई राउंड फायरिंग कर दी।

गोलियों की आवाज सुनकर विधायक कार्यालय से दिवंगत विधायक के पुत्र ईशान ग्वाल और गनर बाहर आए। पुलिसकर्मियों को मौके पर आता देखकर दोनों आरोपी बाइक से बरेली की ओर फरार हो गए।

कार्यालय प्रभारी अनिल राजपूत ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनकी तरफ तमंचा तानकर फायरिंग की। उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। तहरीर में विधायक पुत्र ईशान ग्वाल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है।

अमन पर 20 से ज्यादा मुकदमे, हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अमन अजमेरी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से है। उसके खिलाफ 20 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। इनमें लूट, चोरी, चेन स्नेचिंग और छिनैती जैसे मामले शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक पिछले महीने ही अमन की हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया शुरू की गई थी और संबंधित फाइल जिला मुख्यालय भेजी जा चुकी है। फायरिंग की घटना के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

घटना के बाद विधायक कार्यालय पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता

फायरिंग की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग विधायक कार्यालय पहुंच गए। रामपुर-बरेली क्षेत्र के एमएलसी कुंवर महाराज सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने मेन रोड स्थित चाय की दुकान को लेकर भी पुलिस के सामने अपनी शिकायत रखी। उनका कहना था कि दुकान देर रात तक खुली रहती है और फुटपाथ पर कुर्सियां डालकर लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। उन्होंने देर रात तक फुटपाथ पर भीड़ जुटने पर रोक लगाने की मांग की।

विधायक कार्यालय को लेकर पुलिस ने स्थिति साफ की

सीओ संदीप सिंह ने बताया कि फायरिंग की घटना विधायक कार्यालय वाली गली के सामने, मेन रोड की दूसरी तरफ स्थित चाय की दुकान पर हुई है। पुलिस के अनुसार घटना का विधायक कार्यालय से कोई सीधा संबंध नहीं है।

उन्होंने बताया कि कार्यालय प्रभारी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular