Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ : खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय में लगी आग, शॉर्ट सर्किट से भड़की...

लखनऊ : खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय में लगी आग, शॉर्ट सर्किट से भड़की लपटें

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। हजरतगंज स्थित खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय में सोमवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सप्रू मार्ग स्थित निदेशालय के भूतल पर बने जनसंपर्क कक्ष में आग लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया।

आग की चपेट में आने से कार्यालय में रखे कंप्यूटर, कीबोर्ड, अन्य विद्युत उपकरण और फर्नीचर जल गया। घटना के समय कार्यालय में मौजूद तीन-चार कर्मचारियों ने धुआं और लपटें देखकर शोर मचाया और किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पंखे में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह पंखे में हुआ शॉर्ट सर्किट सामने आई है। आग भूतल पर बने जनसंपर्क कक्ष में शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास रखे फर्नीचर को भी अपनी चपेट में ले लिया।

कर्मचारियों ने सुबह करीब 10:30 बजे आग की सूचना फायर कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद हजरतगंज फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

धुएं से भर गया था पूरा भवन

दमकल कर्मियों के पहुंचने तक भवन के अंदर काफी धुआं भर चुका था। टीम ने पहले अग्निशमन उपकरणों की मदद से अंदर का धुआं बाहर निकाला। इसके बाद हौज पाइप के जरिए पानी डालकर आग पर काबू पाया गया।

दमकल विभाग की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे इसे भवन के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोका जा सका।

15 दिन में सरकारी भवन में आग की दूसरी घटना

हजरतगंज क्षेत्र में करीब 15 दिन पहले जवाहर भवन में आग लगने की घटना सामने आई थी। अब खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय में आग लगने के बाद सरकारी भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल किसी महत्वपूर्ण दस्तावेज के जलने की जानकारी सामने नहीं आई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular