Homeउत्तर प्रदेशआनंदीबेन पटेल अवकाश पर गईं गुजरात, 27 अगस्त को लौटेंगी; यूपी बीजेपी...

आनंदीबेन पटेल अवकाश पर गईं गुजरात, 27 अगस्त को लौटेंगी; यूपी बीजेपी को मिला नया प्रभारी

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अवकाश पर अपने गृह राज्य गुजरात गई हैं। राज्यपाल 26 अगस्त तक अवकाश पर रहेंगी और 27 अगस्त को उत्तर प्रदेश वापस लौटेंगी। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति से अवकाश की अनुमति लेने के बाद राज्यपाल अपने कार्यकाल में पहली बार इतनी लंबी अवधि के लिए छुट्टी पर गई हैं।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल पिछले सप्ताह तक प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के दीक्षा समारोह के साथ-साथ शैक्षिक और सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से शामिल होती रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, वह पारिवारिक और निजी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए गुजरात गई हैं।

यूपी बीजेपी को मिला नया प्रभारी और सह प्रभारी

वहीं, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। बीजेपी की राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश के आठ नेताओं को जगह मिलने के बाद अब पार्टी ने प्रदेश के लिए नए प्रभारी और सह प्रभारी की नियुक्ति की है।

बीजेपी ने विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का नया राष्ट्रीय प्रभारी बनाया है, जबकि जगदीश ईश्वर भाई पटेल को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लंबे समय बाद उत्तर प्रदेश बीजेपी संगठन को नया प्रभारी मिला है।

सीएम योगी और पंकज चौधरी ने दी बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत बीजेपी के कई नेताओं ने नए प्रभारी और सह प्रभारी को शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरोसा जताया कि विनोद तावड़े और जगदीश ईश्वर भाई पटेल के अनुभव और मार्गदर्शन से उत्तर प्रदेश बीजेपी संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के नेतृत्व में संगठन की कार्यकर्ता आधारित संस्कृति और राष्ट्र प्रथम के संकल्प को नई गति मिलेगी।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी दोनों नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनका व्यापक संगठनात्मक अनुभव, कुशल नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय पार्टी को और मजबूत करेगा।

विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की बड़ी तैयारी

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के संगठन में हुए इन बदलावों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए प्रभारी और सह प्रभारी के सामने प्रदेश में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाने और चुनावी तैयारियों को गति देने की चुनौती होगी।

वहीं, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के गुजरात दौरे को फिलहाल निजी और पारिवारिक कार्यक्रमों से जोड़कर देखा जा रहा है। उनके 27 अगस्त को उत्तर प्रदेश लौटने की जानकारी सामने आई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular